निघासन। सिंगाही कस्बे में चल रहे महारानी सुरथ कुमारी स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जबकि दूसरे मैच में गौरीफंटा ने एक गोल से जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला अवध क्लब अंबेडकरनगर और बस्ती हॉस्टल के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में अवध क्लब ने 4-2 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
दूसरे मुकाबले में मऊ और गौरीफंटा की टीमें आमने-सामने रहीं। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ के 52वें मिनट में गौरीफंटा के खिलाड़ी रोशन ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मऊ की टीम ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन गौरीफंटा के खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर बढ़त कायम रखी। अंततः गौरीफंटा ने 1-0 से मुकाबला जीत लिया।
टूर्नामेंट के महामंत्री शिखर तिवारी किशन ने बताया कि रविवार को दोपहर 12 बजे से दो मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें बनारस हॉस्टल, गोरखपुर रेलवे, मेरठ और गौरीफंटा की टीमें मैदान में उतरेंगी।
मीडिया प्रभारी उदयभान ने बताया कि मैच में सेंटर रेफरी एमडी खान रहे। सहायक रेफरी की भूमिका नवनीत और अजय कुमार ने निभाई। कमेंट्री अध्यापक दिलशाद ने की।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन उत्तम कुमार मिश्रा, प्रदीप कुमार पुरवार, अशोक वर्मा, अनिल शाह, उमाशंकर तिवारी, उबेदुर्रहमान मौजूद रहे।
