लखीमपुर खीरी। मौसम में बदलाव के साथ त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। किसी को शरीर में तेज खुजली हो रही है तो कोई बालों में रूसी (डैंड्रफ) से परेशान है। जिला अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में प्रतिदिन करीब 100 से 120 मरीज उपचार कराने पहुंच रहे हैं। इनमें 30 से 35 मरीज स्कैबीज (खुजली) की शिकायत लेकर आ रहे हैं।

त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेंद्र गौतम ने बताया कि स्कैबीज त्वचा का संक्रामक रोग है। यह सूक्ष्म परजीवी के कारण होता है, जो त्वचा की ऊपरी परत में रहता है। संक्रमण होने पर तेज खुजली होती है, जो अक्सर रात में बढ़ जाती है। उंगलियों के बीच, कलाई, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में छोटे-छोटे दाने भी दिखाई दे सकते हैं।

संक्रमित व्यक्ति के नजदीकी संपर्क में रहने या उसके कपड़े, तौलिया और बिस्तर साझा करने से यह बीमारी फैल सकती है। परिवार के एक सदस्य को संक्रमण होने पर दूसरे सदस्यों के भी इसकी चपेट में आने की आशंका रहती है। इसलिए लक्षण दिखने पर समय से उपचार कराना जरूरी है।

डॉ. दीपेंद्र ने बताया कि डैंड्रफ की समस्या में कीटोकोनाजोल और सैलिसिलिक एसिड युक्त मेडिकेटेड शैंपू का इस्तेमाल चिकित्सकीय सलाह के अनुसार किया जा सकता है। इसके प्रयोग से रूसी नियंत्रित करने में मदद मिलती है। सिर में अधिक खुजली, लालिमा या पपड़ी जमने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।

इन बातों का रखें ध्यान

– शरीर और सिर की त्वचा की साफ-सफाई का ध्यान रखें।

– स्कैबीज होने पर कपड़े, तौलिया और बिस्तर दूसरों के साथ साझा न करें।

– इस्तेमाल किए गए कपड़ों और बिस्तर को अच्छी तरह धोकर सुखाएं।

– बालों और सिर की त्वचा को नियमित रूप से साफ रखें।

– बिना चिकित्सकीय सलाह के दवायुक्त शैंपू, क्रीम या अन्य दवाओं का इस्तेमाल न करें।

– खुजली होने पर त्वचा को बार-बार न खुजलाएं।



Source link