माधौगढ़। पूजा करने गई महिला के घर में पड़ोसी ने किरायेदार के साथ मिलकर अलमारी में रखी नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। महिला ने पड़ोसियों को घर से निकलते देखा तो शक हुआ। कमरे के अंदर अलमारी खुली देख वह दंग रह गई। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि चौथा आरोपी भाग निकला।

कोतवाली क्षेत्र के कैलोर निवासी शिव मंगल सिंह वर्तमान में मोहल्ला गांधी नगर में बच्चों के साथ रह रहे हैं। शुक्रवार सुबह पत्नी वंदना देवी बस स्टैंड स्थित बड़ी माता मंदिर में पूजा करने गई थीं। घर के अंदर उनके दोनों बच्चे ओम सिंह (9) और काव्या (7) सो रहे थे, पति दिल्ली में नौकरी करते हैं।

आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी अंकित सिंह मकान के किरायेदार चितौरा निवासी लल्ला, उसकी पत्नी और पुत्री के साथ घर में घुस गए। आरोप है कि इन लोगों ने अलमारी की चाबी लेकर लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में पांच महिलाओं की अंगूठियां, तीन पुरुषों की अंगूठियां, कमर पेटी, बृजवाला, सुई-धागा, तोड़िया, बिछिया शामिल हैं। कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

वंदना देवी के अनुसार जब वह घर लौटीं तो चारों आरोपियों को घर से निकलते देखा। पूछने पर उन्होंने गाय खो जाने का बहाना बनाया। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर कोतवाल विकेश बाबू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अंकित सिंह, लल्ला दोहरे की पत्नी सुनीता और पुत्री कल्लो को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी लल्ला फरार है।

कोतवाल विकेश बाबू ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्जकर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है, उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बच्चों से बाहर जाते हुए देखा

मंदिर गई महिला की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर पड़ोसी और किरायेदार ने दिया वारदात को अंजाम, बच्चों ने भी आरोपियों को घर में देखा था। इससे घटना का शक पूरी तरह से पड़ोसियों पर ही गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *