ललितपुर। प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू किए जाने की मांग को लेकर चल रही प्रदेशव्यापी पैदल अधिवक्ता एकता यात्रा सोमवार को ललितपुर पहुंची। पदयात्री अधिवक्ता राहुल चौधरी और उनके सहयात्री देव चौधरी के साथ जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर मांग को शासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं, जो संविधान और कानून की रक्षा करते हुए आम नागरिकों को न्याय दिलाते हैं। इसके बावजूद अधिवक्ताओं के विरुद्ध हत्या, जानलेवा हमले, मारपीट, धमकी, उत्पीड़न और उनके परिवारों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे न्याय व्यवस्था और नागरिकों के न्याय पाने के अधिकार भी प्रभावित होते हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में प्रभावी एवं व्यापक अधिवक्ता संरक्षण कानून बनाकर लागू करने के लिए राज्य सरकार को संस्तुति भेजने की मांग की गई। साथ ही अधिवक्ताओं को धमकी या गंभीर खतरे की शिकायत पर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई, समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रशासनिक व पुलिस समन्वय व्यवस्था तथा जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा समीक्षा कर सुधार करने का अनुरोध किया गया।

सहारनपुर से शुरू हुई यात्रा, 22 जनपदों में की पूरी

गाजियाबाद के अधिवक्ता राहुल चौधरी ने सहयात्री देव चौधरी के साथ 21 अक्तूबर को सहारनपुर से यह पैदल यात्रा प्रारंभ की थी, जो अब तक 22 जनपदों की यात्रा पूर्ण कर चुकी है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि यह शांतिपूर्ण अभियान किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए है।

जिला बार एसोसिएशन ने जताया समर्थन

जिला बार एसोसिएशन ललितपुर के अध्यक्ष राजेश देवलिया, महामंत्री लखन लाल यादव और कोषाध्यक्ष अर्चना परमार सहित वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इस मांग को न्यायोचित बताते हुए समर्थन जताया। इस दौरान अंकित जैन, विजय नारायण, राम सिंह कुशवाहा, चंद्र प्रकाश संज्ञा, प्रतीश तिवारी, सुरेश खरे, संजीव दीक्षित, पुष्पेंद्र सिंह चौहान, आकाश झा, रमाकांत सिरोठिया, कृष्ण कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।



Source link