ललितपुर। बहन को ससुराल थाना सौजना के ग्राम रुकवाहा से लिवाकर घर लौटते समय रुकवाहा तिगैला के पास तेज रफ्तार भाग रहे डीजल टैंकर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत के बाद गंभीर घायल हुए सात वर्षीय साहिल की इलाज के दौरान टीकमगढ़ जिला अस्पताल में मौत हो गई। जबकि बच्चे की मां सजनी की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे ग्वालियर ले गए।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम दैलवारा निवासी 35 वर्षीय मनोहर शुक्रवार को अपनी बहन को ससुराल ग्राम रुकवाहा से लिवाकर वापस घर लौट रहा था। बाइक पर उसके साथ उसकी पत्नी 30 वर्षीय रिंकी और बहन सजनी व भांजा साहिल और भांजी अनुष्का सवार थी। अभी उनकी बाइक ग्राम रुकवाहा तिगैला पर पहुंची थी कि महरौनी की ओर से तेज रफ्तार आ रहे डीजल टैंकर ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। जिससे बाइक सवार सभी लोग गंभीर घायल हो गए थे और मनोहर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रिंकी को महरौनी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया था। इधर घायल सजनी, सात वर्षीय साहिल और पांच वर्षीय अनुष्का की हालत गंभीर होने पर परिजन एमपी के टीकमगढ़ जिला अस्पताल ले गए थे। मृतक मनोहर के बहनोई अजय ने बताया कि टीकमगढ़ जिला अस्पताल में शुक्रवार की देर रात को इलाज के दौरान उसके पुत्र साहिल की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी सजनी की हालत गंभीर होने और हालत में सुधार न होने पर उसे ग्वालियर में भर्ती कराया गया है।
माता-पिता की मौत से सदमे में बच्चे, गुमसुम बैठे रहे
पोस्टमार्टम के बाद मनोहर और रिंकी के शव ग्राम दैलवारा थाना बानपुर पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। माता-पिता की मौत के बाद उनके दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं और एक कमरे में गुमसुम बैठे हैं। परिजन उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। सीओ महरौनी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि घटना को लेकर जांच-पड़ताल कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
