पिछले वर्ष हुई थी 5,369 मीट्रिक टन मूंगफली और 12,363 मीट्रिक टन हुई थी उड़द की खरीद

संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। जनपद में इस बार मूंगफली की कटाई के बाद गल्ला मंडी में मूंगफली की खूब आवक आई। मंडी में किसानों को भाव भी सात हजार प्रति क्विंटल से अधिक मिल रहा है। अब सहकारिता विभाग द्वारा शासन के निर्देश पर मूंगफली खरीद केंद्र खोलने की कवायद शुरू कर दी है।

जनपद में इस वर्ष 54,014 के सापेक्ष 53,981 हेक्टेयर क्षेत्रफल जमीन में मूंगफली की बोआई हुई थी। जबकि 81,280 मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया था। इसी प्रकार मूंग की बोआई का लक्ष्य 2307 हेक्टेयर के सापेक्ष 2,359 हेक्टेयर में हुई थी और 922 मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया था। इस माह नवंबर में मूंगफली की गल्ला मंडी में बंपर आवक रही, जिसमें कई दिनों तक तो मंडी में मूंगफली की आवक दस से बारह हजार क्विंटल तक पहुंच गई थी। वहीं वर्तमान में अच्छी क्वालिटी की मूंगफली के दाम भी 7500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं।

अब शासन द्वारा इस बार फिर से मूंगफली और मूंग की सरकारी खरीद के लिए क्रय केंद्र खोलने के निर्देश सहकारिता विभाग को मिले हैं, जिस पर सहकारिता विभाग द्वारा मूंगफली और मूंग की सरकारी खरीद के लिए कवायद शुरू कर दी गई है।

———–

शासन से इस बार मूंगफली और मूंग की सरकारी खरीद के लिए क्रय खोलने के निर्देश मिले हैं। इसके लिए आगे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

-अर्विन मेहर सिंह, एआर कोऑपरेटिव।



Source link