सिलावन (ललितपुर)। महरौनी क्षेत्र में नीलगाय और बंदरों के बढ़ते आतंक से किसानों की खेती और आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। फसल बचाने के लिए किसानों को रातभर खेतों में जागकर पहरा देना पड़ रहा है। इसके बावजूद फसलों को नुकसान से बचाना मुश्किल हो रहा है।

नीलगाय खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को रौंद देती हैं, वहीं बंदर फसलों के साथ फल और सब्जियों को भी बर्बाद कर रहे हैं। महरौनी तहसील के किसरदा, छपरट, गगनियां, चौकी, दिगवार, गुंद्रापुर, बैजनाथ, पठा और मिदरवाहा समेत कई गांव वन प्रभाग क्षेत्र छपरट से सटे हैं। जंगली क्षेत्र होने के कारण यहां नीलगायों का आतंक अधिक है। इससे किसानों की चना, मटर और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच रहा है।

किसानों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण खेती-किसानी पहले ही मुश्किल हो रही है। खाद, बीज, डीजल और सिंचाई पर खर्च करने के बाद जब फसल तैयार होती है तो वन्यजीव उसे नष्ट कर देते हैं। कई बार नीलगाय खेतों से भगाने पर हमलावर हो जाती हैं और किसानों पर हमला कर देती हैं। इससे कई किसान चोटिल भी हो चुके हैं।

नीलगायों के आतंक से परेशान किसान कई साल से वन विभाग के अधिकारियों से वन क्षेत्र की सीमा पर तारबंदी कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से नीलगाय और बंदरों से फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

———————————

कांटेदार बाड़ और बिजूका भी बेअसर

किसान फसलों की सुरक्षा के लिए मचान बनाकर पहरा देने, कांटेदार बाड़ लगाने और बिजूका खड़ा करने जैसे पारंपरिक उपाय अपनाते हैं। पहले ये तरीके काफी कारगर साबित होते थे, लेकिन अब नीलगाय और बंदरों के सामने ये उपाय भी बेअसर हो रहे हैं। किसानों को दिन-रात खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। इसके बावजूद फसलों को नुकसान से बचा पाना मुश्किल हो रहा है।

—————————-

जानवरों से नष्ट फसल पर भी मिले बीमा क्लेम

किसानों की मांग है कि अतिवृष्टि, सूखा, बाढ़ और कीट-रोगों से फसल नष्ट होने पर मिलने वाले बीमा क्लेम की तरह वन्यजीवों से नष्ट फसल के लिए भी बीमा क्लेम का प्रावधान होना चाहिए। किसानों का कहना है कि कई राज्यों में जानवरों से फसल नष्ट होने पर बीमा क्लेम देने की व्यवस्था है, लेकिन उत्तर प्रदेश में इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है।

—————————–

वन क्षेत्र की सीमा पर हो तारबंदी

रात के अंधेरे में नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर फसल खा जाते हैं और उसे रौंदकर नष्ट कर देते हैं। अब दिन में भी ये खेतों पर धावा बोल रही हैं। यदि वन क्षेत्र की सीमा पर 12 फीट ऊंची जालीदार तारबंदी करा दी जाए तो काफी हद तक समस्या से राहत मिल सकती है।

————————–

फोटो –04

सरकार ने वन्यजीव संरक्षण के लिए संरक्षित क्षेत्र और सख्त कानून बनाए हैं, लेकिन कृषि क्षेत्र की रक्षा के लिए राज्य सरकारें और प्रशासन काफी हद तक उदासीन हैं। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

—अनिल तिवारी, किसान, ग्राम बैजनाथ

————–

फोटो–03

नीलगाय की समस्या विकराल होती जा रही है। सरकार ने वन्यजीव संरक्षण के लिए संरक्षित क्षेत्र और सख्त कानून बनाए हैं, लेकिन कृषि क्षेत्र की रक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

—कालीचरण चौबे, किसान, ग्राम किसरदा

———————–

फोटो–02

वन क्षेत्र में नीलगायों और बंदरों की तादाद दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में इनके आतंक के कारण किसानों को गांव तक छोड़ना पड़ सकता है।

—कल्याण, किसान, ग्राम छपरट

————–

फोटो–01

नीलगायों की समस्या तेजी से बढ़ रही है। सरकार को इसके लिए ठोस उपाय करने चाहिए। यदि फसल नष्ट करने वाली नीलगायों की नसबंदी की योजना बनाई जाए तो उनकी प्रजनन क्षमता कम हो सकती है। साथ ही वन्यजीवों से नष्ट फसल का मुआवजा भी सुनिश्चित होना चाहिए।

—हाकिम सिंह, ग्राम प्रधान, किसरदा

——————

किसान नीलगायों को भगाने के लिए कनस्तर बजाकर या अन्य आवाजें करके देख सकते हैं। फसलों पर गोबर का छिड़काव करने से भी कुछ हद तक बचाव हो सकता है, क्योंकि नीलगाय गोबर नहीं खाती हैं।

—सतेंद्र सिंह तोमर, डीएफओ, महरौनी



Source link

अभी अभी की खबरें