मथुरा में लापता हुआ हाथरस का 16 साल का लड़का शनिवार को बरामद कर लिया गया। लड़का बरसाना मंदिर के पास लाड़ली आश्रम से मिला। पुलिस उसे लेकर उसके गांव बारामई खेड़ा के लिए रवाना हो गई है। उसके साथ परिजन भी हैं।
.
परिजन बेटे अनुज की तलाश में तीन महीने से भटक रहे थे। पिता ने उसकी मां, भाई और चार बेटियों के साथ शुक्रवार को सुबह 11 बजे से संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर 7 घंटे तक धरना दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका बेटा प्रेमानंदजी के आश्रम में दीक्षा लेने गया था। वहीं से वह गायब हो गया था।
हालांकि, धरना खत्म करने के बाद पिता ने कहा था कि पुलिस ने उनके बेटे अनुज की तस्वीर दिखाई है। अभी उनकी बेटे से मुलाकात नहीं हुई है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हाथरस पुलिस लड़के की तलाश कर रही थी। मोबाइल लोकेशन और CCTV की मदद से उसकी तलाश की गई।
पहले तस्वीरें देखिए…

संत प्रेमानंद के केलीकुञ्ज आश्रम के बाहर धरना देते हुए अनुज के परिजन।

परिजन से बातचीत कर उन्हें समझाते हुए पुलिसकर्मी।

संत प्रेमानंद के केलीकुञ्ज आश्रम गेट पर पूछताछ करते हुए श्रद्धालु।
पिता राजवीर ने कहा था- ननिहाल में जाने के दौरान बेटा केली कुंज आश्रम गया
राजवीर सिंह ने बताया था कि वह किसान हैं। चार बेटियों के बीच अनुज इकलौता बेटा है। वह पढ़ाई कर रहा है। इस साल इंटर में है। वृंदावन के पास पानीगांव में अनुज की ननिहाल है। वह अक्सर ननिहाल जाया करता था। इसी दौरान वह केजीकुंज आश्रम जाने लगा। कुछ समय बाद उसने दीक्षा लेने का मन बनाया।

पिता राजवीर ने बताया-अनुज ने तीन महीने पहले मां को मनाकर प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ले ली।
कंठी-माला और तीन किताबें लेकर घर से निकला था
उन्होंने बताया- करीब तीन महीने पहले मां को मनाकर प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ले ली। दीक्षा लेने के बाद अनुज पांच दिन तक घर पर रहा। इसके बाद उसने कहा कि वह महाराज जी के दर्शन करने जा रहा है। वह प्रेमानंद महाराज की दी हुई कंठी-माला और तीन किताबें लेकर घर से निकला। इसके बाद तीन महीने तक घर नहीं आया।

अनुज के पिता राजवीर ने बताया- चार बेटियों के बीच अनुज उनका इकलौता बेटा है।
दादी बोलीं- आश्रम वालों ने धक्का देकर भगाया
अनुज की दादी मुन्नी ने आरोप लगाया कि 25 तारीख को उसे दीक्षा लिए तीन महीने हो गए। कुछ महीने पहले वह फिर केलीकुंज आश्रम चला गया। इसके बाद से हमें उसका कोई हाल-चाल नहीं मिला। उसके बारे में जानकारी लेने के लिए परिवार आश्रम पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। परिवार ने आश्रम में लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग दिखाने की भी मांग की, लेकिन उन्हें कैमरे चेक नहीं करने दिए गए।

दादी बोलीं- हमने अपने पोते की एक झलक देखी थी। वो स्कूटी पर बैठा था।
आश्रम के बाहर पुलिस पहुंची, केलीकुंज में रहने का सबूत नहीं मिला
आश्रम के बाहर धरने की सूचना पर वृंदावन पुलिस पहुंची थी। सीओ वृंदावन संदीप सिंह, कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली थी। इसके बाद पुलिस टीम आश्रम के अंदर गई और अनुज के बारे में जानकारी जुटाई थी।
सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया था कि जांच में जानकारी सामने आई कि अनुज चौधरी की दीक्षा आश्रम में 26 जून 2026 को हुई थी। उसके बाद आश्रम के किसी कुंज में रहने की बात सामने नहीं आई है। उसके बाद 5 जुलाई को परिवार ने सादाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
उसमें बताया गया था कि बच्चा कोचिंग जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। शुक्रवार को अनुज के परिजन वृंदावन आए। उनका यह आरोप था कि बच्चा आश्रम में ही है। आश्रम के लोगों की ओर से उन्हें प्रॉपर्ली ब्रीफ नहीं किया जा रहा है।

दीक्षा की ये रसीद परिवार वालों ने दिखाई है। दावा है ये केली कुंज आश्रम की रसीद है।
——————–
ये खबर भी पढ़ें…
प्रेमानंदजी के शिष्य का चौथी मंजिल से कूदने का CCTV:6 सेकेंड बाउंड्री पर बैठे, फर्श पर लेटे, फिर अचानक उठकर छलांग लगाई

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के 25 साल के शिष्य रसिक दुलारी शरण के चौथी मंजिल से कूदने का CCTV सामने आया है। इसमें दिख रहा कि वह छत की बाउंड्री वॉल पर बैठे। 6 सेकेंड बाद फर्श पर लेट जाते हैं। अचानक उठते हैं और बाउंड्री से छलांग लगा देते हैं। यह देखकर दूसरा शिष्य दौड़ता हुआ पहुंचता है। नीचे झांककर देखता है। रसिक दुलारी शरण ने 25 सितंबर की सुबह 10:35 बजे सुसाइड किया था। छत पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई। पढ़ें पूरी खबर…
