ललितपुर। ग्राम विकास अधिकारी की सरकारी आईडी हैक कर 363 फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जाने के मामले की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कुशीनगर और सिद्धार्थनगर में पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान कुशीनगर के एक व्यक्ति के आधार विवरण का इस्तेमाल सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों जिलों में प्रमाणपत्रों से जुड़े तथ्यों और तकनीकी रिकॉर्ड की पड़ताल की। अब प्रदेश के अन्य जिलों में भी मामले से जुड़े साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।

ब्लॉक तालबेहट की ग्राम पंचायत रमपुरा कठवर में तैनात ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी की जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने वाली सरकारी आईडी में पांच सितंबर की दोपहर सेंधमारी की गई थी। अज्ञात व्यक्ति ने इस आईडी का इस्तेमाल कर एक ही दिन में करीब 363 जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिए थे। इसकी जानकारी होने पर ग्राम विकास अधिकारी ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 14 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने मामले को केवल आईडी हैक होने तक सीमित नहीं रखा। प्रमाणपत्र किन लोगों के नाम पर जारी किए गए, उनमें कौन से मोबाइल नंबर, आधार विवरण और पते दर्ज हैं, इसकी भी पड़ताल शुरू की गई। साथ ही प्रमाणपत्र जारी कराने के पीछे के उद्देश्य और उनके संभावित इस्तेमाल को भी जांच में शामिल किया गया।

—————————

कुशीनगर और सिद्धार्थनगर में जुटाए तकनीकी साक्ष्य

जांच के दौरान कुशीनगर जिले के विरवट कोन्हवलिया निवासी रमेश पुत्र राजदेव के आधार कार्ड के विवरण का इस्तेमाल सामने आया। इसके बाद पुलिस ने कुशीनगर पहुंचकर आधार विवरण और उससे जुड़े तकनीकी रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच का दायरा बढ़ने पर सिद्धार्थनगर जिले का कनेक्शन भी सामने आया। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने सिद्धार्थनगर जाकर मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाए। दोनों जिलों में जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस अब प्रदेश के अन्य जिलों में भी मामले की कड़ियां तलाश रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी प्रमाणपत्र जारी कराने में किन लोगों की भूमिका रही और इनका इस्तेमाल कहां किया गया।

—————-

गिरोह की भूमिका तलाश रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कराने के पीछे किसी गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों को आपस में जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी शाबेज खान ने बताया कि मामले की गहनता से जांच चल रही है। कुशीनगर और सिद्धार्थनगर में जाकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पुलिस टीमें जांच कर रही हैं।

———————–

यह था मामला

तालबेहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत रमपुरा कठवर में ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी की सरकारी आईडी हैक कर पांच सितंबर की दोपहर एक ही दिन में 363 फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए गए थे। ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश से साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 14 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। एक ही दिन में साढ़े तीन सौ से अधिक प्रमाणपत्र जारी होने का मामला सामने आने के बाद पंचायती राज विभाग में हड़कंप मच गया था। इसके बाद सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों की सरकारी आईडी की जांच कराई गई थी।



Source link