फोटो 38: जसवंतनगर के पास लोडर पलटने के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम।

-ओवरटेक के चक्कर में हादसा, हाइवे पर लगा लंबा जाम

संवाद न्यूज एजेंसी

जसवंतनगर। नेशनल हाईवे पर सोमवार शाम सिरसागंज से बैंगन लादकर बनारस मंडी जा रहा अनियंत्रित लोडर ओवरटेक करने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। इसके बाद हाईवे के बीचों-बीच पलट गया। हादसे में लोडर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस और नेशनल हाईवे की टीम ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाकर यातायात बहाल करवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम करीब छह बजे हुआ। लोडर वाहन में बड़ी मात्रा में बैंगन लदा हुआ था। चालक बनारस मंडी पहुंचने की जल्दबाजी में जा रहा था। जैसे ही वह जसवंतनगर इलाके में पहुंचा, एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई और लोडर बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद लोडर में लदे बैंगन सड़क पर बिखर गए और हाईवे पर दोनों तरफ का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। राहगीरों की सूचना पर हाईवे टीम के मैनेजर सुमित चौहान एवं एसआई ललित चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने लहूलुहान हालत में केबिन में फंसे चालक टीटू निवासी सिरसागंज, फिरोजाबाद को बाहर निकाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में भर्ती कराया। पुलिस ने हाईवे पर पलटे लोडर को क्रेन की मदद से किनारे करवाकर बिखरी सब्जी को साफ करवाकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *