लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से सात अक्तूबर को ”रेड रन उत्तर प्रदेश-2026” मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना है।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के निर्देशन में मैराथन में करीब 600 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसमें राज्य स्तर की 10 किलोमीटर दौड़ के करीब 100 प्रतिभागियों के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों के 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के करीब 500 प्रतिभागी शामिल होंगे। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. पवन कुमार चौरसिया ने बताया कि दौड़ शहीद पथ की सर्विस लेन पर होगी। प्रतिभागी सुबह 4ः30 बजे पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ के मैदान में एकत्र होंगे। यहां पंजीकरण के बाद टी-शर्ट और चेस्ट नंबर दिए जाएंगे। पांच बजे जुम्बा और रॉक बैंड प्रस्तुति होगी। 5:30 बजे लाइन-अप और सुबह छह बजे मैराथन को फ्लैग-ऑफ किया जाएगा। रूट पर मॉनिटरिंग और हाइड्रेशन पॉइंट बनाए जाएंगे। विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं को कुल 1.40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 10 और पांच किलोमीटर की पुरुष एवं महिला श्रेणियों में विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
