दंत संकाय के डॉक्टर लक्ष्य यादव को मिला पेटेंट
लखनऊ। केजीएमयू अब खुद के बनाए उपकरणों का पेटेंट करा रहा है। दंत संकाय के डॉ. लक्ष्य यादव ने इलेक्ट्रिक लैंप का पेटेंट हासिल किया है। इसके बाद केजीएमयू इसका निर्माण कराएगा, इससे चीन से मंगाए जाने वाले लैंप से मुक्ति मिलेगी। डॉ. लक्ष्य यादव ने बताया कि अभी तक जो लैंप होते हैं, वे गैस या अन्य किसी पर आधारित होते हैं। इसके बजाय इलेक्ट्रिक लैंप ज्यादा सफल और सुरक्षित साबित होंगे। यह लैंप गर्म हवा भी पैदा कर सकेगा। डॉ. यादव को इसके पहले वर्ष 2021 में शलायवा पेटेंट मिला था। यह उन मरीजों के लिए उपयोगी होता है, जिनमें कैंसर के बाद मुंह की लार सूखने की समस्या होती है। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने डॉ. यादव को बधाई दी है।