गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, जच्चा-बच्चा सुरक्षित

लखनऊ: गोरखपुर से पनवेल जा रही ट्रेन संख्या 15065 में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन को उन्नाव स्टेशन पर रोका और समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराकर जच्चा-बच्चा दोनों की जान सुरक्षित बचा ली।

24 वर्षीय रुखसाना गोरखपुर से पनवेल की यात्रा कर रही थीं। वह ट्रेन के पिछले गार्ड डिब्बे के पास लगे जनरल कोच में सवार थीं। दोपहर करीब 3 बजे सफर के दौरान उन्हें तेज लेबर पेन होने लगा और कोच में ही सुरक्षित प्रसव हो गया। स्थिति की जानकारी मिलते ही आरपीएफ कंट्रोल और स्टेशन प्रबंधन को तुरंत अलर्ट किया गया। ट्रेन को दोपहर 3:21 बजे उन्नाव स्टेशन पर नियंत्रित कर रोका गया। स्टेशन पर पहले से बुलाई गई एंबुलेंस और मेडिकल टीम ने तुरंत कोच में पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद मां और नवजात शिशु को बेहतर देखरेख के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया। ट्रेन को 3:41 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना किया गया। रेलवे प्रशासन की इस त्वरित सतर्कता और मानवीय मदद की सभी यात्रियों ने सराहना की।



Source link

अभी अभी की खबरें