एसओजी व कोतवाली पुलिस को ठोकरी जंगल में मिली सफलता

शातिरों ने जिले में चोरी की दो वारदात कबूलीं, तीन मौके से फरार

संवाद न्यूज एजेंसी

रायबरेली। एसओजी और शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है लेकिन तीन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार तीन बदमाश गोंडा व एक प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। बदमाशों ने चोरी की वारदात को कबूल किया है। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुखबिर की सूचना पर बुधवार की रात एसओजी प्रभारी संजय सिंह व शहर कोतवाल संजय त्यागी की टीम ने ठोकरी जंगल में बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि बदमाश कहीं डकैती की साजिश कर रहे थे। पुलिस के घेराबंदी करते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के डीहा निवासी महेश कुमार और बल्दू का पुरवा निवासी राम बचन घायल हो गया। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी।

पुलिस ने दोनों का जिला अस्पताल में इलाज कराया। गोंडा के मतवारियां मोतीगंज निवासी सुरेंद्र और प्रतापगढ़ के दिलीपपुर निवासी देवीलाल को भी जंगल से पुलिस ने दबोच लिया। इनके पास से तीन तमंचे बरामद किए गए हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन शातिर भाग गए। बदमाशों ने दो मई को सलोन के रतासों गांव में दशरथ लाल के घर पर चोरी और 28 अप्रैल को घंटाघर में इंदिरा नगर निवासी राधेश्याम की बाइक की डिग्गी से 1.50 लाख रुपये निकालने की वारदात कबूल की है।

इनसेट

सूचना पर एसओजी और कोतवाली पुलिस टीम को ठोकरी जंगल भेजा गया। मुठभेड़ के बाद चार बदमाश पकड़े गए। दो के पैर में गोली लगी है। मौके से फरार तीनों शातिरों का पता लगाया जा रहा है।

-आलोक प्रियदर्शी, एसपी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *