लखनऊ। रामलीला के मंच पर विशेष बच्चों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का ऐसा रंग दिखाया कि दर्शक भावविभोर हो गए। अलीगंज के सेक्टर-सी स्थित चेतना संस्थान में क्राफ्टिजन फाउंडेशन और चेतना संस्थान की ओर से दशहरा मेले का आयोजन किया गया। बच्चों ने राम जन्म से रावण वध और राम के राज्याभिषेक तक की रामलीला प्रस्तुत की।
इसके बाद टैलेंट शो में बच्चों ने गीत और अन्य प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई। विशिष्ट अतिथि प्रज्ञा त्रिपाठी की तीन वर्षीय बेटी प्रिया ने हनुमान से जुड़ा गीत सुनाया।
मेले में चेतना संस्थान, रेनबो सोसाइटी, पायसम, आशा ज्योति और सीमा सेवा संस्थान के स्टॉल लगाए गए। यहां बच्चों के बनाए दीपावली के दीये, मोमबत्तियां, साबुन, गृह सज्जा की वस्तुएं और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए।
मुख्य अतिथि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के उप निदेशक संजय कुमार सिंह ने बच्चों के हुनर की सराहना की। जिला रोजगार अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने विशेष बच्चों के लिए रोजगार मेला आयोजित कराने का आश्वासन दिया।
