लखनऊ। प्रदेश के इंजीनियरिंग संस्थानों, खासकर पुराने व प्रमुख कॉलेजों में भी छात्रों को प्रवेश का बेहतर मौका है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से रविवार से विशेष चरण की प्रवेश काउंसिलिंग शुरू की जा रही है। इसमें शामिल होने के लिए नए रजिस्ट्रेशन भी होंगे। वहीं 12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश का मौका मिलेगा।
विवि प्रशासन के अनुसार देर रात खाली सीटों का ब्योरा जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार विशेष चरण में आईईटी लखनऊ में 238, सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज में 78, इसी तरह अन्य राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में भी काफी सीटें खाली हैं। इसमें सर्वाधिक सीटें सिविल, केमिकल व मैकेनिकल इंजीनियरिंग में हैं। कंप्यूटर साइंस व अन्य अत्याधुनिक ब्रांच की अधिकतर सीटें फुल हो चुकी हैं।
अब तक चार चरणों की काउंसिलिंग में 29 हजार छात्रों को सीटें अलॉट की गई थीं। इसमें से 25 हजार छात्रों ने प्रवेश सुनिश्चित कराया है। इसके बाद विवि की ओर से फिर से खाली सीटों को भरने के लिए विशेष चरण की काउंसिलिंग शुरू की गई है।
इसके अनुसार नौ-दस अगस्त को रजिस्ट्रेशन, पहले से काउंसिलिंग में शामिल छात्र अपनी अलॉट सीट के लिए फीस जमा कर सकेंगे। जिन्होंने अपनी सीट विड्राॅ की है, वो इस चरण की काउंसिलिंग में नहीं शामिल हो सकेंगे। नए छात्र 9 से 12 अगस्त तक चॉइस देंगे और 13 अगस्त को सीट अलॉटमेंट होगा। सीट पाने वाले छात्र 14-15 अगस्त को फिजिकल रिपोर्टिंग करेंगे।
g ऑनलाइन क्लास से पूरा कराएं कोर्स : सावन का पर्व शुरू हो गया है। पश्चिमी यूपी समेत कुछ अन्य जिलों में कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्कूल-कॉलेजों को बंद करना पड़ा है जबकि जनभवन का पूरा जोर शैक्षिक कैलेंडर को समय से पूरा करने पर है।परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने कॉलेजों को निर्देश दिया है कि शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार निर्धारित सभी कक्षाएं व पठन-पाठन समय से हो। ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जाएं।
