कल्याणपुर में एक सप्ताह के भीतर दो महिलाओं से चेन लूट के बाद पुलिस की शनिवार रात दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ में बदमाश औरैया बिधूना निवासी प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे व उसके साथी कानपुर देहात के मंगलपुर निवासी आशू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गईं दोनों चेन, 3720 रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। घायल को सीएचसी कल्याणपुर भेजा गया है। आरोपियों पर अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस शनिवार रात कल्याणपुर पुलिस जवाहरपुरम क्षेत्र में एल्डिगो तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। बाइक सवार दो युवकों को आता देख उनहें रुकने के कहा गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। बाइक सवार प्रशांत मिश्रा के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके साथी आशू को भी गिरफ्तार कर लिया। बता दें 28 जुलाई की रात करीब 10:50 बजे कश्यपनगर में गोसाई मंदिर के पास बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक से आए दो बदमाशों ने महिला की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था। दूसरी घटना चार अगस्त की रात करीब 8:35 बजे विजयनगर-कल्याणपुर रोड की है।
