जालौन। नगर के गांधी बाजार में कन्या भोज के नाम पर एक दुकानदार को झांसे में लेकर टप्पेबाज करीब एक लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठी लेकर भाग गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला बालमभट्ट निवासी रामलखन वर्मा बस स्टैंड के पास गांधी बाजार में कनफेक्शनरी की दुकान करते हैं। बुधवार को एक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने कन्या भोज कराने की बात कहते हुए कन्याओं को बिस्कुट बांटने की इच्छा जताई। युवक ने 500-500 रुपये के चार नोट निकालकर बिस्कुट देने की बात कही और दुकानदार के पैर भी छुए। इससे रामलखन को उसकी बात पर भरोसा हो गया।
इसके बाद युवक की नजर दुकानदार की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी पर पड़ी। आरोप है कि युवक ने कहा कि अंगूठी पहने रहने से कोई लाभ नहीं होगा। उसने अंगूठी को 500 रुपये के नोट में लपेटकर गुल्लक में सुरक्षित रखने की सलाह दी और इससे तरक्की होने की बात कही। उसकी बातों में आकर दुकानदार ने अंगूठी उतारकर गुल्लक में रख दी।
कुछ देर बाद युवक ने 10 रुपये का छुट्टा मांगते हुए दुकानदार से गुल्लक खोलने को कहा। जैसे ही रामलखन ने गुल्लक खोली, युवक ने मौका पाकर नोट में लिपटी अंगूठी निकाल ली और दुकान से बाहर निकल गया। इसके बाद बाइक पर बैठकर वहां से भाग गया। कुछ देर बाद दुकानदार ने गुल्लक खोली तो अंगूठी गायब मिली। तब उसे अपने साथ हुई टप्पेबाजी का पता चला।
काफी तलाश के बाद भी आरोपी का पता नहीं चलने पर दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर दी। सीओ अजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना: इससे पहले सेवानिवृत्त शिक्षक अयोध्या प्रसाद शर्मा भी इसी तरह की टप्पेबाजी का शिकार हो चुके हैं। उनका 25 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था।
