कोंच। पांच दिन से लापता व्यक्ति का शव मलंगा नाले स्थित झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधी नगर निवासी मंगल सिंह (50) पांच दिन से लापता थे। बृहस्पतिवार की शाम एसआरपी इंटर कॉलेज के पीछे नर्सरी के पास मलंगा नाले की झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला।

बताया गया कि मंगल सिंह पांच सितंबर की दोपहर से लापता थे। उनके पुत्र अरुण रजक ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें मंगल सिंह की आखिरी लोकेशन मलंगा नाले के पास दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने नाले में तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम को बुलाया।

गुरुवार दोपहर एनडीआरएफ टीम ने नाले में तलाश शुरू की। शाम को झाड़ियों के बीच शव फंसा दिखाई दिया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मंगल सिंह के रूप में की।

मंगल सिंह सागर चौकी के पास कपड़ों पर प्रेस करने का काम करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *