लखनऊ। सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण में सात सड़कों के कायाकल्प पर 186 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़कें और फुटपाथ संवारे गए हैं, लेकिन ठेले-खोमचे और अवैध पार्किंग इनकी खूबसूरती बिगाड़ रहे हैं। लोगों को फुटपाथ पर चलने की जगह नहीं मिल रही है। योजना के तहत ग्रीन कॉरिडोर की सड़कों और फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व बाजार नहीं लगने हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारों की अनदेखी से अतिक्रमण दोबारा हो गया है।
महानगर गोल चौराहा से मंदिर मार्ग होते हुए कपूरथला चौराहा और आगे नेहरू बाल वाटिका तिराहा तक की सड़क सीएम ग्रिड में शामिल है। यहां नए सिरे से फुटपाथ बनाया गया है। लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाई गई हैं। वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए बोल्डर भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद कपूरथला चौराहे के पास फुटपाथ पर करीब दर्जनभर खानपान की दुकानें रोज सजती हैं। सड़क के अन्य हिस्सों में भी यही स्थिति है।
करीब दो महीने पहले अमर उजाला में मामला उठाने पर नगर निगम ने अतिक्रमण हटाए थे, लेकिन करीब एक महीने से फिर वही स्थिति है। मंदिर मार्ग पर निजी अस्पताल के सामने फुटपाथ पूरी तरह पार्किंग में तब्दील है। अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के वाहन यहां खड़े रहते हैं। करीब आधा किलोमीटर तक सड़क किनारे भी वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है।
अलीगंज में ध्येय कोचिंग के सामने से विंध्याचल मंदिर की ओर जाने वाली सड़क भी सीएम ग्रिड योजना में है। यहां भी दो महीने पहले अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब फिर दुकानें सज गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और पुलिस की मिलीभगत से अतिक्रमण दोबारा हो रहे हैं। एक बार कब्जा हटने के बाद दोबारा न हो, इसकी जिम्मेदारी पुलिस की भी है। इसके बावजूद चौराहों पर तैनात पुलिस और नगर निगम की टीमें आंखें मूंदे हैं।
लाइटें लगीं, फिर भी सड़क पर अंधेरा
महानगर से गोल चौराहा तक करीब दो किलोमीटर सड़क पर महंगी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इनमें करीब एक किलोमीटर हिस्से में ही लाइटें जलती हैं। बाकी हिस्से में अंधेरा रहता है। करीब एक साल से मुख्य मार्ग की यही स्थिति है। सीएम ग्रिड की अन्य सड़कों पर भी नई लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन कई जगह इनका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है।
इन जगहों पर भी कब्जा
-महानगर गोल चौराहा से मंदिर मार्ग पर शोरूम के सामने फुटपाथ पर कब्जा।
-महानगर भाऊराव देवरस अस्पताल के पास फुटपाथ पर अतिक्रमण।
-पार्क रोड पर श्याम प्रसाद मुखर्जी अस्पताल के पास सड़क पर कब्जा।
-कपूरथला चौराहे से आगे सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण।
कपूरथला चौराहा व उसके आसपास और ध्येय कोचिंग वाली रोड से पहले अतिक्रमण हटाया गया था। फिर से कब्जे हटाए जाएंगे। सड़क पटरी से कब्जे हटाने का अभियान लगातार चल रहा है। -अजीत राय, जोनल अधिकारी नगर निगम

कपूरथला में सड़क व फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व गाडि़यों का कब्जा।

कपूरथला में सड़क व फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व गाडि़यों का कब्जा।

कपूरथला में सड़क व फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व गाडि़यों का कब्जा।

कपूरथला में सड़क व फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व गाडि़यों का कब्जा।

कपूरथला में सड़क व फुटपाथ पर ठेले-खोमचे व गाडि़यों का कब्जा।
