उत्तर प्रदेश सरकार ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने और प्रतिभाग करने वाले नौ खिलाड़ियों पर धनवर्षा करेगी। शासनादेश के अनुसार खेलों में स्वर्ण पदक पाने वाली अस्मिता डे और गुलवीर सिंह को राजपत्रित अधिकारी बनाया जाएगा, जबकि भाग लेने वाले सात खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। ग्लास्गो में भारत को जूडो में पहला स्वर्ण दिलाने वाली अस्मिता को डेढ़ करोड़ रुपये मिलेंगे।
यूपी पुलिस (गाजियाबाद) में तैनात 23 साल की स्टार को जूडो का प्रमोशन भी दिया जाएगा। खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धा में दो पदक जीतकर इतिहास रचने वाले अलीगढ़ के गुलवीर सिंह भी करोड़पति होंगे। उन्हें 10 हजार मीटर में रजत जीतने पर 75 लाख और 5 हजार मीटर में कांस्य जीतने पर 50 लाख रुपये दिए जाएंगे। एथलेटिक्स में भाग लेने वाली मेरठ की प्रियंका गोस्वामी (10 किमी वॉक), जैवलिन थ्रोअर जौनपुर रोहित यादव, मेरठ की एथलीट पारुल चौधरी (5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपल चेज), अलीगढ़ की एथलीट नीरू पाठक और आगरा के बॉक्सर आदित्य प्रताप यादव को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। इन खिलाड़ियों के लिए जल्द ही समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाकर उन्हें प्रोत्साहन राशि देंगे और विजेताओं को राजपत्रित अधिकारी बनाने की घोषणा करेंगे।
बताते चलें कि 23 जुलाई से दो अगस्त तक ग्लास्गो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में स्पर्धाओं की संख्या घटाकर 10 कर दी गईं, जबकि वर्ष 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 19 स्पर्धाएं हुई थीं। बर्मिंघम में जहां यूपी के खिलाड़ियों ने चार रजत और चार कांस्य पदक जीते थे, जबकि सीमा पुनिया, सरिता रोमित सिंह, रोहित यादव (एथलेटिक्स), पूनम यादव, पूर्णिमा पांडेय (वेटलिफ्टिंग) और विश्वनाथ यादव (तैराकी) ने प्रतिभाग किया।
यूपी के खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री से समय मिलते ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा और खिलाड़ियों को शासनादेश के अनुसार पुरस्कृत किया जाएगा।
