देश की पहली काॅर्पोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस व वीआईपी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस को जल्द ही नया ठिकाना मिलेगा। ये ट्रेनें गोमतीनगर स्टेशन से चलेंगी। ऐसे में यात्रियों को चारबाग के जाम से जूझते हुए ट्रेनों तक पहुंचने से राहत मिल जाएगी। शिफ्टिंग के लिए समयसारिणी व ऑपरेशन पर मंथन किया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के गोमतीनगर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। अभी सेकंड फेज पर काम चल रहा है। यहां ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं।
दूसरी ओर, चारबाग स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों व यात्रियों का लोड कम करने के लिए ट्रेनों की शिफ्टिंग का प्लान पहले से बना हुआ है। इसके तहत ही दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल को चारबाग की जगह जंक्शन शिफ्ट किया गया था। कुछ महीनों बाद ट्रेन वापस चारबाग शिफ्ट कर दी गई, लेकिन अब पूर्वोत्तर रेलवे तेजस एक्सप्रेस व पुष्पक एक्सप्रेस को गोमतीनगर स्टेशन से चलाने की तैयारी कर रहा है। इस कवायद में तीन महीने लग सकते हैं।
