महराजगंज। सदर ब्लॉक परिसर में बुधवार को ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले वीबी जी राम जी के कार्मिकों ने धरना दिया। इसमें रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, अकाउंटेंट और ऑपरेटर शामिल हुए। कार्मिकों ने मानदेय वृद्धि और एचआर पॉलिसी की मांग को लेकर सीएम से गुहार लगाई।

जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने कहा कि 21 नवंबर से कार्मिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। प्रदेश में अन्य संविदा कार्मिकों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की गई लेकिन वीबी जी राम जी के कार्मिकों का मानदेय अब तक नहीं बढ़ाया गया। लंबे समय से कार्य करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिल पा रहा है। समस्याओं को लेकर शासन स्तर से अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्मिकों के लिए एचआर पॉलिसी की घोषणा भी नहीं की गई है। इसके अलावा कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी शासनादेश भी अब तक जारी नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। धरने के माध्यम से उन्होंने सरकार से मानदेय वृद्धि, एचआर पॉलिसी लागू करने और कैशलेस सुविधा का शासनादेश जारी करने की मांग की।

कार्मिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में विरोध किया जाएगा। धरने में ओम प्रकाश आर्य, रीता गुप्ता, परमजीत, प्रमोद, असगर अली, योगेंद्र, जितेंद्र आदि माैजूद रहे।



Source link