महोबा जिले के थाना खन्ना के सिरसी कला गांव के समीप से निकले श्यामा नाला में बारातियों से भारी कर पलट गई। हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस कार सवारों का पता लगा रही है। थाना खन्ना के चिचारा गांव निवासी रामऔतार के बेटे रोहित की बरात बांदा जिले के मसूरी गांव जा रही थी। गाजे बाजे के साथ निकासी हुई।
दूल्हा अपनी गाड़ी से व अन्य बाराती पहले निकल गए जबकि एक कार में चालक समेत छह लोग बरात में जा रहे थे। तभी सिरसी कला गांव के समीप से निकला श्यामा नाला में कार डूब गई। बताया जा रहा है कि तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से श्यामा नाला उफना गया था। ग्रामीणों ने आवाजाही के लिए अस्थाई निकास बनाया था।
कार सवार पांच लोग नाले से पहले उतर गए थे जबकि चालक कार को नाले से निकल रहा था, तभी कार डूब गई चालक भी बाहर निकल आया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह का कहना हैं कि मौके पर जांच की जा रही है। कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। कार में कितने लोग सवार थे और कहां के निवासी थे इसका पता लगाया जा रहा है।
