महोबा। परमानंद चौक से झलकारीबाई तिराहे तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। कहीं सड़क किनारे गिट्टी फैली है तो कहीं बालू और मिट्टी के ढेर लगे हैं। अधूरे निर्माण और चौड़े डिवाइडर के कारण मार्ग संकरा हो गया है। ऐसे में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए बिखरी गिट्टी और मिट्टी किसी खतरे से कम नहीं है। निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार से शहरवासियों को धूल, जाम और हादसों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है।

लोक निर्माण विभाग की ओर से राज्य सड़क निधि के तहत 13.35 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। समय सीमा बीतने के बाद भी सड़क निर्माण अधूरा है। मार्ग पर करीब तीन मीटर चौड़ा डिवाइडर बनाए जाने से दोनों ओर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम बची है। वहीं, कई स्थानों पर सड़क का निर्माण पूरा न होने से वाहन चालकों को एक-दूसरे के सामने आने पर निकलने में परेशानी होती है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विकास कुमार जौहरी का कहना है कि फोरलेन निर्माण के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। पोल शिफ्टिंग का काम चल रहा है। एक साइड की सड़क पर डामर की परत भी बिछाई जा रही है। दिसंबर के अंत तक काम पूरा कराने का प्रयास है।

———

जल्द पूरा कराया जाए निर्माण

फोटो 24 एमएएचपी 15 परिचय-बालकिशन। संवाद

चरखारी निवासी बालकिशन ने बताया कि रोजाना इसी मार्ग से आना-जाना होता है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी और बालू पड़ी होने से बाइक चलाना मुश्किल हो गया है। डिवाइडर भी काफी चौड़ा बनाया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराना चाहिए।

———

जाम में फंसकर बर्बाद हो रहा समय

फोटो 24 एमएएचपी 16 परिचय-हरेंद्र राजपूत। संवाद

युवा हरेंद्र राजपूत बताते हैं कि अधूरी सड़क के कारण दिनभर जाम की स्थिति रहती है। दुकानों के सामने धूल उड़ती है और ग्राहकों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क निर्माण के लिए सामग्री तो डाल दी गई है। रात के समय गिट्टी और मिट्टी के ढेर दिखाई नहीं देते। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।



Source link