Last Updated:
Crime News of UP : महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में हड़कंप मच गया. जब 20 साल की पूर्वी का शव उसके ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला. आखिर शादी के चार महीने बाद ही ऐसा क्या हो गया, जो पूर्वी ने जान दे दी. अचानक घटी इस घटना से हर कोई हैरान है.
महोबा में एक महिला ने दी जान.
महोबा : यूपी के महोबा से एक दुखद खबर सामने आ रही है. यहां के रामनगर मोहल्ले में शादी के महज चार महीने बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता पूर्वी की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई. आनन-फानन में ससुरालजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना से मायके पक्ष में कोहराम मचा है. दोपहर तक वीडियो कॉल पर हंसती-बोलती दिख रही बेटी की अचानक मौत से मायके पक्ष हैरान है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 20 साल की पूर्वी का शव उसके ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला. श्रीनगर थाना क्षेत्र के कैमाहा गांव निवासी रामकुमार तिवारी की बेटी पूर्वी का विवाह बीते 3 मई 2026 को रामनगर निवासी हिमांशु गंगेले के साथ हुआ था. शादी के चार महीने बाद अचानक घटी इस घटना से हर कोई हैरान है.
चाय बनाने के लिए गई थी कमरे में
घटना के समय मृतका का पति हिमांशु घर पर मौजूद नहीं था. हिमांशु ने बताया कि पूर्वी शाम को चाय बनाने के लिए कमरे में गई थी, लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई तो देखा गया कि उसने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली थी. परिजन तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां तैनात चिकित्सक डॉक्टर दीपक ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया.
4 बजे भाभी से की थी वीडियो कॉल पर बात
इस दर्दनाक हादसे ने मायके पक्ष को झकझोर कर रख दिया है. परिजनों का कहना है कि मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे पूर्वी ने अपनी भाभी से वीडियो कॉल पर बात की थी. तब वह बिल्कुल सामान्य और खुश दिख रही थी, लेकिन महज एक घंटे बाद, शाम 5 बजे उसकी आत्महत्या की खबर ने परिजनों के होश उड़ा दिए. अचानक आई इस खबर के बाद मृतका के माता-पिता गहरे सदमे में हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं. मायके पक्ष के रिश्तेदार राजकुमार वाजपेयी ने बताया कि अभी तक ससुराल वालों से उनकी कोई सीधी बात नहीं हो सकी है और न ही उन्होंने शव को ठीक से देखा है. मृतका के पति हिमांशु का दावा है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ था और आत्महत्या की वजह उनकी समझ से परे है.
क्या बोले डॉक्टर?
जिला अस्पताल के डॉक्टर दीपक ने बताया कि परिजन महिला को अचेत अवस्था में लेकर आए थे. चिकित्सीय परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया गया. फिलहाल कोतवाली पुलिस को मेमो भेज दिया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है, और अब सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.
About the Author

