छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा के भाई को पीटा गया। अन्य परिजन के साथ भी अभद्रता की गई। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष और भतीजे सहित अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों पक्ष की शिकायतें दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसके पहले भाजपा नेता की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

पीड़िता छात्रा के भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा मोहल्ला तपा की नगरिया निवासी अमन भारतीय अपने साथियों के साथ उनके घर के बाहर खड़ा होकर स्कूल व कोचिंग जा रही बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। बहन के साथ छेड़छाड़ करता था।

26 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे अमन की हरकत का विरोध किया तो वह उग्र हो गया। अमन ने अपने साथियों के साथ मिल कर गाली-गलौज करते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्पेंद्र भारतीय भी मौके पर आए गए और पिस्टल निकालकर धमकाया और पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जब उसकी दादी और बहनें बीच बचाव करने आईं तो उन्हें भी पीटा गया। आरोपियों ने उनके घर में घुसने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।

——-

दोनों पक्ष की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की शुरू

इस मामले में बृहस्पतिवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें छात्रा पक्ष पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्पेंद्र और भतीजे पर हमला करने का आरोप लगाया गया था। इस पर छात्रा पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाए। इसके बाद पुलिस ने छात्रा के भाई की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज की है।

——–

पीड़िता के परिजन से मिले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष

करहल प्रकरण के बीच भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी पीड़ित छात्रा के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजन से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान आलोक मिश्रा, अर्जुन पांडेय, धनीराम मिश्रा और रामरतन मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

—–

वर्जन

छात्रा पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच व विधिक कार्रवाई की जा रही है। -दीपशिखा सिंह, सीओ करहल।



Source link