Mainpuri News: बीते 15 नवंबर को गांव खिरिया के समीप दिल्ली-कानपुर हाईवे पर वाहन का इंतजार कर रहे हलवाई को बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान मौत हो गई थी। शनिवार को मृतक के साडू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव रीछपुरा निवासी अरविंद कुमार पुत्र जगदीश चंद्र ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उनके साडू राहुल कुमार पुत्र कुसुम पाल निवासी गांव कंसपुर हलवाई का काम करते थे।

बीती 15 नवंबर को शाम करीब छह बजे राहुल गांव खिरिया में काम खत्म करने के बाद गांव कंसपुर आने के लिए दिल्ली-कानपुर हाईवे (जीटी रोड) पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुरावली की ओर से आ रही बाइक के अज्ञात चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए राहुल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। शनिवार को मृतक के साडू अरविंद कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।



Source link