मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष अभियान का शनिवार को एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वलीदपुर, करहा, चिरैयाकोट, रानीपुर और मुहम्मदाबाद गोहना सहित विभिन्न बूथों पर मौजूद बीएलओ से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नामों में संशोधन और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदन पत्रों का नियमानुसार परीक्षण कर समय से निस्तारण किया जाए। कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।


एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार महत्वपूर्ण है। इसके लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। विशेष अभियान का उद्देश्य निर्धारित आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम सूची में शामिल करने के साथ छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ना और विवरण संबंधी त्रुटियों को दूर करना है। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करने और अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



Source link