हस्तिनापुर। कस्बे की न्यू ब्लॉक कॉलोनी में स्थित शांति चौराहे पर श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। कथा के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मथुरा-वृंदावन से रूपानंद महाराज इस आयोजन में शामिल होने आए हैं।

कथा व्यास नीलांशु दास महाराज ने संगीतमय शैली में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया। इससे कथा स्थल पर देर तक भक्ति और भजनों की गूंज बनी रही।

नीलांशु दास महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य ग्रंथ है। इसके श्रवण से हृदय में भक्ति, प्रेम और सद्भाव की भावना जागृत होती है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मनुष्य को प्रेम, करुणा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सदैव भगवान का स्मरण करना चाहिए। प्रभु पर अटूट विश्वास रखने वाला व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी विचलित नहीं होता। भगवान की भक्ति से मन को शांति और आत्मा को संतोष मिलता है।

संस्कारों और सदाचार की प्रेरणा

रूपानंद महाराज ने कहा कि भागवत कथा सुनने से विचारों में सकारात्मकता आती है। इससे जीवन में अच्छे संस्कारों का संचार होता है। मनुष्य को सदैव विनम्रता बनाए रखनी चाहिए और किसी का अहित नहीं करना चाहिए। दूसरों की सहायता करना और जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची भक्ति है। गीता के उपदेशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कर्तव्यों का पालन करने की बात कही। अहंकार, क्रोध, लोभ और मोह का त्याग कर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से सदाचार अपनाने और प्रभु की भक्ति में मन लगाने का आह्वान किया। आयोजन में नारायण नियोगी, स्वदेश शर्मा, निकांत बाला, बबलू विश्वास, विकास गोलदार, रतन विश्वास, प्रतीश शर्मा, सुभाष मालाकार, कृष्ण कीर्तनीय, अमित सरकार और कृष्णा गायन का सहयोग रहा।



Source link

अभी अभी की खबरें