Mirzapur News: मिर्जापुर शहर के रतनगंज स्थित पुश्तैनी संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है। संपत्ति के बंटवारे और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखते हुए पूर्व राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया और भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। दोनों पक्षों ने मामले को न्यायालय में विचाराधीन बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया के भाई प्रदीप चौरसिया ने आरोप लगाया कि रतनगंज स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन पर उनके भाई कब्जा करने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि संपत्ति का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि वह सिटी मजिस्ट्रेट, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत रख चुके हैं। उनका आरोप है कि पूर्व राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया के प्रभाव के चलते प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही कैलाश चौरसिया पर शहर के संसाधनों को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वह साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से समाजवादी पार्टी से जुड़े पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया ने आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के दबाव में पुलिस हस्तक्षेप कर रही है, जबकि न्यायालय की ओर से ऐसा कोई आदेश नहीं है। उन्होंने कहाकि संपत्ति पांच भाइयों के बीच की है और वह अपने तीन भाइयों के साथ आपसी सहमति से बंटवारा कराने को तैयार हैं। उन्होंने पत्रकारों से भी मध्यस्थता कर विवाद का समाधान कराने की अपील की। उनका कहना है कि इस पूरे मामले के जरिए उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

दोनों पक्षों के आरोप प्रत्यारोप में जहां एक ओर पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक प्रभाव और प्रशासनिक हस्तक्षेप को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।



Source link