मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दलपतपुर में शुक्रवार की सुबह पांच बजे इको कार आगे जा रही लकड़ी भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई। इस हादसे में इको कार सवार बरेली निवासी सुमेर (35) और साधुराम (50) की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के समय इको सवार लोग हरियाणा के सोनीपत में धान की रोपाई करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। इको कार में चालक समेत दस लोग सवार थे। पुलिस की जांच और घायलों से पूछताछ में पता चला कि इको चालक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को बिल्कुल नजदीक से ओवरटेक किया था।

एसपी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि बरेली क्योलड़िया थाना क्षेत्र के बिहारीपुर प्रीतमराय निवासी सुमेर, साधुराम, ताराचंद, रामकुमार, हरिश, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के नकटी नारायणपुर निवासी गोपाल, मलूक मुड़िया निवासी पप्पू, बरेली के भुता थाना क्षेत्र के पटना निवासी बुध सिंह, रूपा लाल उर्फ बबलू हरियाणा के सोनीपत में किसान के खेत में धान की रोपाई करने गए थे।

करीब दो माह बाद सभी नौ मजदूर शुक्रवार को इको कार बुक करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इको कार को हरियाणा के सोनीपत जिले के सिटी थाना क्षेत्र के गोहाना निवासी गोपाल चला रहा था। इको कार शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र दलपतपुर में फ्लाईओवर से गुजर रही थी।

इसी दौरान आगे चल रही लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई। इस हादसे में सुमेर (35) की मौके पर मृत्यु हो गई जबकि साधुराम, पप्पू, रामकुमार, हरिशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर मूंढापांडे थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

इसके बाद घायलों को मूंढापांडे सीएचसी भर्ती कराया गया जहां से डॉक्टरों ने चारों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया जहां डॉक्टरों ने साधुराम (50) को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने साधुराम और सुमेर के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया था।

पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस अधीक्षक सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि घायलों से पूछताछ में पता चला कि इको कार चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। उसने बिल्कुल नजदीक आने के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक किया था। जिस कारण इको कार की एक साइड ट्रॉली में पीछे से घुस गई थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *