भोपा। शुक्रताल गंगा स्नान मेले में जा रहे बाइक सवार सोहित से मोरना में पिस्टल व कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसका चालान कर दिया है। उधर, अन्य कई लोगों से चेकिंग के दौरान नुकीले हथियार मिले हैं।

जानसठ थाना क्षेत्र के गांव घटायन निवासी सोहित अपने तीन साथियों देवेश, प्रशांत और मनफोड़ा निवासी मनमीत के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्रतीर्थ गंगा स्नान मेले के लिए चले थे। मोरना में ईंट भट्टा के पास साथियों से आगे आ रहे सोहित को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोक लिया।

तलाशी में उसके कब्जे से एक पिस्टल, तीन कारतूस बरामद हुए। मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक पिंटू चौधरी ने बताया कि आरोपी पिछले साल जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।

सीओ भोपा राधा रमन सिंह ने बताया कि इसी के साथ भैसा-बोगी से मेले में जाने वाले ऐसे अन्य कई लोगों की चेकिंग हुई जो नुकीले हथियार लेकर जा रहे थे।



Source link