संवाद सूत्र, फतेहपुर। दरवाजे पर बेटी की बरात आ गई। बरातियों ने नाश्ता करने के बाद म्यूजिक सिस्टम पर बज रहे फिल्मी गीत पर थिरकते हुए दुल्हन के घर की ओर प्रस्थान किया। बरात अभी दुल्हन के दरवाजे नहीं पहुंची। उससे पहले दुल्हन के पिता को जानकारी हुई कि जिस बेटी के वह हाथ पीले करने जा रहे हैं, वह लापता है।
द्वारचार की रश्म जैसे-तैसे निभाने के बाद कन्या पक्ष ने दुल्हन की खोजबीन शुरू की। देर रात पता चला कि पड़ोस में रहने वाला मुस्लिम युवक, दुल्हन को अपने दो भाइयों की मदद से अगवा कर ले गया है।
देर रात दुल्हन का नहीं चला पता
अनुसूचित जाति की कन्या के पिता व रिश्तेदारों ने पहले दुल्हन को ढूढ़ने में पूरी कोशिश की। हालांकि जब देर रात तक उसका पता नहीं चला तो पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। रात में पुलिस ने दुल्हन के दरवाजे पहुंच कर अपने स्तर से खोजबीन की।
जब सफलता नहीं मिली तो अगवा युवती के पिता से तहरीर लेकर मुख्य आरोपित मसूक अहमद, उसके भाइयों मंसूर व मंजूर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लापता युवती की तलाश में संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी शुरू की। रात में भोजन किए बिना ही बरात लौट गई।
जांच में नहीं हुई पुष्टि
लोगों के बीच चर्चा रही कि बरातियों के बीच से ही आरोपी दुल्हन को लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। शनिवार की सुबह बजरंग दल के जिला गोरक्षा प्रमुख वैभव गुप्ता, जिला सुरक्षा प्रमुख अनूप सिंह, शानू शर्मा, ब्रजेश साहू, शारदा, गोलू सिंह आदि कार्यकर्ताओं ने पीड़ित के दरवाजे पहुंच कर उन्हें ढांढस बंधाया।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है, यदि लापता युवती की देर रात तक बरामदगी व आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन शुरू होगा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह का कहना था युवती को देर रात तक खोज लिया जाएगा। दो टीमें बरामदगी के लिए रवाना हुई हैं।
