हाथरस। सादाबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने शनिवार को कई क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान मुरसान चौराहे पर टीम की एक क्लीनिक कर्मचारियों से झड़प होने की भी चर्चा रही। टीम ने क्लीनिक में पैथोलॉजी संचालित मिलने पर संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती अपनी टीम के साथ मुरसान चौराहा स्थित डॉ. दीपक चौधरी के क्लीनिक पर पहुंचे। इस दौरान वहां पैथोलॉजी लैब संचालित मिली। मौके पर मौजूद कर्मचारी पैथोलॉजी से संबंधित पंजीकरण और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर टीम ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीलिंग की कार्रवाई के दौरान टीम और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई। बाद में डॉ. दीपक चौधरी भी मौके पर पहुंच गए और क्लीनिक से संबंधित दस्तावेज दिखाए। डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद क्लीनिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने टीम के साथ अभद्रता किए जाने की बात को भी गलत बताया। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रवीण भारती ने कहा कि पैथोलॉजी संचालन के संबंध में नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। क्लीनिक को सील नहीं किया गया है।
उधर, एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने शांति पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। यहां पैथोलॉजी का पंजीकरण तो मिला, लेकिन मौके पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। इस पर संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया। साईं साक्षी हॉस्पिटल निरीक्षण के समय बंद मिला, जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोटिस चस्पा कर दिया।
टीम ने डॉ. रविंद्र सुपर स्पेशलिटी डेंटल क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। जांच में क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया। मौके पर कोई चिकित्सक भी नहीं मिला। फोन पर चिकित्सक ने पंजीकरण के लिए आवेदन करने की बात कही, लेकिन इसके समर्थन में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
इस क्रम में डॉ. एमआई आलम की टीम ने ढकपुरा रोड स्थित न्यू श्रीबालाजी फार्मा क्लीनिक पर छापा मारा। यहां पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर डॉ. शिवम को नोटिस दिया गया। ऊंटगाड़ी मोहल्ला स्थित ओम उर्मिला क्लीनिक को भी नोटिस जारी किया गया। वहीं, जलेसर रोड स्थित मलिक डेंटल क्लीनिक बिना पंजीकरण संचालित मिलने पर टीम ने उसे सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब संचालकों में खलबली मची रही।
