संवाद सूत्र, नारखी (फिरोजाबाद)। एक तरफा प्यार में ममेरे देवर ने भाभी की हत्या के साथ ही रिश्तों का भी गला घोंट दिया। नारखी के गांव कपावली ठार में घर आए देवर ने शुक्रवार रात झगड़ा होने के बाद भाभी को पीटा और फिर गला घाेंट दिया। आरोप है कि वह काफी समय से महिला पर घर से भागने का दबाव बना रहा था। शनिवार सुबह शादी समारोह में सजावट का काम करके पति घर लौटा तो पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला।
चेहरे और गले में चोट के निशान थे। छह वर्षीय बेटी ने आरोपित के घर आने और मां से झगड़ा होने की जानकारी दी। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कपावली ठार निवासी गौरव शुक्रवार को वह एक शादी समारोह में सजावट करने गए थे। उनकी मां रानी देवी अपने मायके गई हुई थीं। घर में 24 वर्षीय पत्नी तनू शर्मा अपनी तीन बेटियों के साथ थी। शनिवार सुबह पांच बजे गौरव घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद छह वर्षीय बेटी सौम्या ने दरवाजा खोला।
रसोई में पत्नी का शव देखकर निकली चीख
गौरव अंदर गए तो रसोई में पत्नी का शव पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। उनके गले और चेहरे पर चोट और नाखूनों के निशान थे। पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर आ गए। रसोई में एक थाली में थोड़ी सब्जी और डेढ़ रोटी रखी थी। सेवइयां और सामान बिखरा पड़ा था।
एकतरफा प्यार में की घटना, घर से भागने के लिए बना रहा था दबाव
बेटी सौम्या ने स्वजन को बताया कि शुक्रवार रात सिरसागंज के गांव गुड़िया टिकुर निवासी ममेरा देवर रोहित घर आया था। उसका मां से झगड़ा हुआ। रोहित ने उसे, तीन वर्षीय परी और तीन माह की बहन आराध्या के साथ कमरे में सोने के लिए भेज दिया था। गौरव ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी। कुछ समय बाद से रोहित पत्नी को परेशान कर रहा था। वह पत्नी पर घर से भागने के लिए दबाव बनाता था, फोन करके परेशान करता था। पत्नी के अकेले होने की जानकारी होने पर वह घर आया और पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पड़ोसी युवक ने की आत्महत्या
पोस्टमार्टम के बाद तनू का शव शनिवार शाम को घर पहुंचा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी वहां थे। स्वजन महिला के शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। दो सौ मीटर की दूरी पर रहने वाले वासुदेव शर्मा के 24 वर्षीय बेटे राहुल ने महिला के पति को सांत्वना दी। उसके स्वजन भी यहां मौजूद थे। इसके कुछ देर बाद घर पहुंचकर राहुल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
स्वजन घर पहुंचे तो युवक को शव फंदे पर लटका देख चीखपुकार मच गई। इसके साथ ही तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीण युवक की आत्महत्या को महिला की हत्या से जोड़ने चर्चा करने लगे। हालांकि पुलिस इससे मना कर रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि युवक ने नशे की हालत में आत्महत्या की है। उसका महिला की हत्या से कोई लेनादेना नहीं है।
