कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के गांव दुलीचंदपुर में शुक्रवार सुबह 8:35 बजे बिजली चोरी की चेकिंग करने गई विद्युत निगम और प्रवर्तन दल की टीम के साथ मारपीट व अभद्रता की गई। अवर अभियंता अमित कुमार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार 20 नवंबर को प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, लाइनमैन जागेश कुमार और पेट्रोलमैन सचिव कुमार व शिवम के साथ टीम गांव में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव निवासी राम बहादुर ने पेट्रोलमैन शिवम को थप्पड़ जड़ दिया।


मौके पर मौजूद कर्मियों के बीच-बचाव व विरोध करने पर आरोपी ने अवर अभियंता अमित कुमार व शिवम को जान से मारने और नौकरी न करने देने की धमकी दी। सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए विभागीय टीम ने घटना का वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपने की बात कही है।

मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। – आलोक सिंह, एएसपी (कासगंज)



Source link