कोंच। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच डाक विभाग ने आम नागरिकों को राहत दी है। अब सर्राफा बाजार स्थित मुख्य डाकघर में आधार कार्ड संबंधी कार्य सुबह सात बजे से शुरू होंगे। लोगों की सुविधा के लिए दो शिफ्टों में व्यवस्था लागू की गई है।
डाक निरीक्षक सब डिवीजन कोंच एल के अवस्थी ने बताया कि प्रवर डाक अधीक्षक झांसी मंडल के निर्देशों के अनुपालन में यह नई व्यवस्था लागू की गई है। पहले आधार कार्ड काउंटर सुबह 10 बजे खुलता था लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए अब इसे सुबह सात बजे से संचालित किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। नागरिक अब पूरे दिन अपनी सुविधा के अनुसार पहुंचकर आधार कार्ड से जुड़े कार्य करा सकेंगे। डाक विभाग ने गर्मी से राहत देने के लिए डाकघर परिसर में प्याऊ की भी व्यवस्था की गई है।
