पीलीभीत। शहर के गैस चौराहे पर दो युवकों ने दिनदहाड़े एक रसोइया को सम्मोहित कर ठगी का शिकार बना लिया। युवकों ने पहले महिला को राधे-राधे कहकर रोका और फिर बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद ऐसा झांसा दिया कि महिला ने खुद ही अपने कानों के कुंडल और एक हजार रुपये उतारकर उनके हवाले कर दिए। पीड़िता की तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नखासा निवासी आशा देवी रामा कॉलेज में रसोइया हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे कॉलेज में काम खत्म करने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। गैस चौराहे के पास पहुंचने पर दो अज्ञात युवकों ने उन्हें राधे-राधे कहकर रोक लिया। इसके बाद दोनों युवक उनसे बातचीत करने लगे। आशा देवी के मुताबिक, बातचीत के दौरान एक युवक ने उनकी आंखों में देखकर उन्हें अपने प्रभाव में ले लिया। इसी बीच दूसरे युवक ने उनसे कानों के कुंडल और नकदी उतारकर देने को कहा। युवकों की बातों में आकर उन्होंने अपने दोनों कानों के कुंडल और पास रखे एक हजार रुपये निकालकर उनके बताए कपड़े में रख दिए। इसके बाद युवकों ने उन्हें दस कदम पीछे हटने को कहा। वह निर्देश के मुताबिक पीछे गईं और पलटकर देखा तो दोनों युवक जेवर और नकदी लेकर गायब हो चुके थे। कुछ देर बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
