बदायूं। अलापुर रोड स्थित हमीदी पेट्रोल पंप के पास चोरों ने 21 नवंबर की रात को एक मकान में धावा बोलकर मकान मालिक और किरायेदार के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। दोनों परिवार घर से बाहर थे। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया लेकिन पुलिस की जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंचीं।

मकान मालिक अजय दीक्षित के मुताबिक, उनके मकान के निचले हिस्से में पुलिस कार्यालय में तैनात सुनील कुमार मिश्रा परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। सुनील अपनी भतीजी की शादी में हरदोई गए थे, जबकि अजय भी काम से बाहर थे। 22 नवंबर को उनके पिता घर पहुंचे तो मुख्य गेट का कुंडा टूटा मिला। अंदर कमरों और अलमारियों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। चोरों ने अजय दीक्षित के घर से करीब 180 ग्राम सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात चोरी कर लिये। वहीं किरायेदार के घर से करीब 25 ग्राम सोने के पुराने आभूषण, चांदी की पायल और पांच हजार रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस को तहरीर देकर जांच की मांग की है। इस क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं कर पा रही है। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। पुलिस की टीमों ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है। संवाद



Source link