सुखपाल नगर औद्योगिक क्षेत्र वर्ष 2009 में 14 एकड़ में विकसित किया गया था। सड़कें बनाई गईं। इकाइयां बसाई गईं ताकि उद्योग-धंधे लग सकें। कारोबारियों के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके लेकिन वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति बदहाल है। सड़कें टूटी हैं। गंदे पानी की वजह से बदबू आती है। गंदगी का ढेर लगा है। यहां लगाई गईं 30 इकाइयों में 15 बंद हो चुकी हैं। बची हुई इकाइयां जैसे-तैसे चल रही हैं।
वर्ष 2024 में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की ओर से 3.50 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया। पहले औद्योगिक क्षेत्र में पार्क, बिजली, पानी, सड़क, जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की थी लेकिन आज तक बजट नहीं मिला। अब गंदगी, जलजमाव और बदबू ही औद्योगिक क्षेत्र की पहचान है।
मौजूदा समय में यहां मसाला फैक्टरी, आयुर्वेदिक दवा, आंवला उत्पाद, राइस मील, बच्चों की साइकिल, प्लास्टिक के डिब्बे, आटा, ब्रेड फैक्टरी सहित 15 इकाइयां संचालित हो रही हैं। इसके बाद भी यहां गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। दो वर्ष पहले 2.38 करोड़ रुपये से नाले का निर्माण कराया गया था। कार्यदायी संस्था ने नाले को ऊंचा बना दिया। इससे इकाइयों का गंदा पानी नाले तक नहीं पहुंच पा रहा है।
जमीन पर रखा ट्रांसफार्मर
हाईवे से औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क के किनारे जमीन पर ही ट्रांसफार्मर रखा गया है। इसी से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। जबकि ट्रांसफार्मर के पास ही पानी जमा रहता है। आए दिन शॉर्ट-सर्किट से बिजली गुल हो जाती है।
कितनी है दिक्कत ऐसे समझिए
– पूरे औद्योगिक क्षेत्र में एक भी डस्टबिन नहीं है।
– क्षेत्र में एक भी हाईमास्ट नहीं।
– 15 स्ट्रीट लाइट मिली थी, लगी सिर्फ पांच।
– 30 इकाइयों में से 15 बंद।
वर्जन
– औद्योगिक क्षेत्र में आंवला उत्पाद से जुड़ा कारोबार है। यहां रास्ते खस्ताहाल हैं। जगह-जगह गड्ढे हैं। इस वजह से वाहनों के आवागमन में काफी दिक्कत होती है। – मो. अनाम, सुखपाल नगर
—-
यहीं पर आंवला उत्पाद की इकाई लगा रखी है। पूरे परिसर में एक भी हाईमास्ट लाइट नहीं है। शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है। पेयजल की भी समस्या है। इन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। – आशीष जायसवाल, राजापुर महोथरी
—-
औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए दोबारा बजट की मांग की गई है। बजट मिलने पर कार्य शुरू किया जाएगा। अन्य दिक्कतों को भी दूर कराया जाएगा। – डॉ. राममोहन मीना, सीडीओ

सुखपालनगर औद्योगिक क्षेत्र में बदहाल सड़क। संवाद

सुखपालनगर औद्योगिक क्षेत्र में बदहाल सड़क। संवाद

सुखपालनगर औद्योगिक क्षेत्र में बदहाल सड़क। संवाद
