इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर किसी प्रधान के प्रशासकीय अधिकार नहीं छीने जा सकते। इसके लिए आरोपों का साबित होना जरूरी है। कोर्ट ने आजमगढ़ निवासी पूर्व ग्राम प्रधान नीरज गोंड को राहत देते हुए उन्हें प्रशासक के रूप में प्रशासकीय अधिकारों का इस्तेमाल जारी रखने का आदेश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने नीरज गोंड की याचिका पर दिया है। याची के खिलाफ ग्राम प्रधान के कार्यकाल में कराए गए कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन की क्षति पहुंचाने के आरोप में उत्तर प्रदेश पंचायत राज (प्रधान, उप प्रधान और सदस्यों को हटाने संबंधी) जांच नियमावली, 1997 के तहत प्रारंभिक जांच कराई गई थी। जांच के बाद उन्हें प्रशासकीय अधिकारों से वंचित कर दिया गया था। याची ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी। हाईकोर्ट ने कहा कि याची का प्रधान पद का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। ऐसे में प्रारंभिक जांच के आधार पर उन्हें प्रशासक के पद से हटाने का आदेश उचित नहीं है। वित्तीय वसूली निर्धारित करने के लिए पंचायत राज अधिनियम की धारा 27 और नियम 256 (1) के तहत अलग से विधिक कार्यवाही की जानी है। इसमें याची को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। ब्यूरो




Source link