इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नियुक्त शिक्षकों को नियमों के अनुसार न्यूनतम वेतनमान देने से इन्कार नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कॉलेज और विश्वविद्यालय को एक शिक्षक के बकाया वेतन की गणना न्यूनतम वेतनमान के आधार पर कर चार सप्ताह के भीतर भुगतान करने का निर्देश दिया है।
यह आदेश न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह की खंडपीठ ने डॉ. नीरज श्रीवास्तव की याचिका पर दिया है। याची की नियुक्ति ब्रह्मवर्त डिग्री कॉलेज मंधना, कानपुर नगर में 25 अगस्त 2001 को राजनीति विज्ञान के स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम में प्रवक्ता के पद पर हुई थी। छात्र संख्या में गिरावट के चलते कॉलेज प्रबंधन ने विश्वविद्यालय की अनुमति से उक्त विषय में पठन-पाठन बंद कर दिया। साथ ही वर्ष 2021 से याची का शिक्षक कोड निरस्त कर सेवा समाप्त कर दिया। याची ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी।
याची की ओर से न्यायमित्र उदित चंद्र ने कोर्ट को बताया कि उनकी नियुक्ति मूल प्रकृति की थी लेकिन कॉलेज और विश्वविद्यालय ने मनमाने तरीके से सेवा समाप्त कर दी। उन्होंने डॉ. सुरेश कुमार पांडेय बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले में दिए गए फैसले का हवाला दिया। इसमें स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में नियुक्त शिक्षकों को नियमों के अनुसार न्यूनतम वेतनमान देने और संतोषजनक सेवा रहने तक पाठ्यक्रम जारी रहने की अवधि में सेवा जारी रखने का निर्देश दिया गया था।
कॉलेज की दलील…पाठ्यक्रम को जारी रखना संभव नहीं
कॉलेज की ओर से दलील दी गई कि पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की संख्या लगातार कम हो रही थी। शैक्षणिक सत्र 2018-19 में केवल पांच और 2019-20 में चार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। ऐसे में करीब 20 वर्षों तक पाठ्यक्रम संचालित करने के बाद उसे जारी रखना संभव नहीं था। कोर्ट ने पक्षों को सुनने के बाद कहा कि कॉलेज ने पाठ्यक्रम बंद कर दिया, इसलिए सेवा समाप्ति के मामले में हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता। दूसरी ओर, कोर्ट ने बकाया वेतन के भुगतान के मुद्दे पर याची की दलील स्वीकार की। कोर्ट ने कहा कि उप्र राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 2(18) के अनुसार स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम की सभी वित्तीय देनदारियां कॉलेज प्रबंधन या विश्वविद्यालय को वहन करनी होती हैं। नियमानुसार न्यूनतम वेतनमान दिया जाना चाहिए।
