खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंधी-तूफान से प्रयागराज में बुधवार शाम 21 लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच व्यक्ति घायल हो गए, 20 पशुहानि हुई और 16 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। प्रयागराज के लोगों को ठीक से याद भी नहीं कि इससे पहले इतना भीषण आंधी-तूफान कब आया था। शहर से लेकर गांव तक आंधी-तूफान का तांडव देखने को मिला। प्रयागराज में जिनकी मृत्यु हुई है, उनमें से महिलाएं व चार बच्चे भी शामिल हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने हादसे के तुरंत बाद नुकसान का आकलन कराते हुए मुआवजा वितरण के निर्देश जारी कर दिए हैं।
प्रयागराज के कुतुबुद्दीनपुर फूलपुर निवासी संदीप की 30 वर्षीय पत्नी सविता व छह साल के बेटे अनुपम ने अपनी जान गंवा दी। घरमपुर फूलपुर निवासी सदानंद (60) पुत्र रामनाथ, लिखैया फूलपुर के दिनेश कुमार पुत्र समर बहादुर, जगदीशपुर सोरांव के सत्यम (9) पुत्र रामजी, सोरांवा सोरांव की संगीता (32) पत्नी अतुल कुमार और खिजिरपुर सोरांव की इंदू पटेल (24) पत्नी अंकित पटेल की मौत हो गई।
वहीं, चिलबिला मेजा के अंश कुमार (12) पुत्र श्यामबाबू, मसौरा नरोत्तम मेजा के आदित्य (7) पुत्र लक्ष्मी नारायण, बघेड़ी हंडिया के बाउल पुत्र सदानंद, छनौता हंडिया की अनीता देवी पत्नी शिवपूजन, नाहरपुर हंडिया निवासी दुर्गा भारतीय, देवदहना हंडिया के अंजनी पुत्र बुद्धसेन, खखैचा हंडिया के लालजी पुत्र झारी, सिथौरा हंडिया की राज देवी पत्नी जीत, मंदिर हंडिया के झिंगरी पुत्र साबिर व कैलाशपुरी सदर के सुमित यादव पुत्र गैलन यादव को अपनी जान गंवानी पड़ गई।

2 of 6
कल्याणी देवी मंदिर के गेट पर गिरा विशाल वृक्ष।
– फोटो : अमर उजाला।
पेड़ गिरने से कई मार्ग प्रभावित
तेज आंधी के कारण सिविल लाइंस नवाब यूसुफ रोड, तेलियरगंज, कैंट एरिया, कर्नलगंज और महात्मा गांधी मार्ग पर कई पेड़ धराशायी हो गए। प्रयाग स्टेशन के पास गऊघाट इलाके में पेड़ सड़क पर गिर पड़े। इससे आवागमन बाधित हो गया। व्यस्त मार्गों पर अचानक पेड़ गिरने से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कार्यालय से लौट रहे लोगों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई मार्गों पर यातायात रोका और रूट डायवर्ट किया। एसीपी यातायात शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि तेज आंधी के चलते कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो गया था। हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति को ठीक कर लिया गया।

3 of 6
आंधी के दौरान विशाल पेड़ धराशायी हो गया।
– फोटो : अमर उजाला।
बिजली- यातायात व्यवस्था उड़ा ले गई आंधी
बुधवार शाम करीब चार बजे तेज आंधी से शहर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा।सिविल लाइंस, नवाब यूसुफ रोड, एमजी मार्ग, राजापुर, अलोपीबाग समेत कई इलाकों में आंधी के चलते बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए।

4 of 6
आंधी के दौरान पेड़ गिरने से आवागमन हुआ ठप।
– फोटो : अमर उजाला।
पेड़ गिरने से बिजली बाधित
सिविल लाइंस स्थित नवाब यूसुफ रोड पर बुधवार शाम तेज आंधी और तूफान के कारण विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे बिजली की खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर बिजली विभाग और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तार और पेड़ को हटाने का कार्य शुरू करवाया। कल्याणी देवी उपकेंद्र क्षेत्र में कल्याणी देवी मंदिर के गेट पर एक विशाल पेड़ गिर गया। इससे मंदिर का गेट क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति देर रात तक बाधित रही। मनकामेश्वर मंदिर के पास भी पेड़ गिरने से बिजली बाधित रही। वहीं नेहरू पार्क के पास बिजली का खंभा पूरी तरह झुक गया।

5 of 6
विश्वविद्यालय के पास आंधी के दौरान उड़ गए पटरी दुकानदारों के तिरपाल।
– फोटो : अमर उजाला।
शहर के कई इलाकों में रात भर छाया रहा अंधेरा
करेली क्षेत्र में पेड़ गिरने से अय्युद्दीनपुर, जसीर की कुरिया, मुन्ना मस्जिद, करेली और जीटीबी नगर में शाम चार बजे से देर रात तक बिजली बाधित रही। खुसरो बाग उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों, रामबाग, बैरहना और कीडगंज चौक समेत कई इलाकों में रातभर बिजली की आवाजाही जारी रही। साथ ही सलोरी गोविंदपुर छोटा बघाड़ा आदि क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति रात नौ बजे बहाल हो सकी।
झलवा क्षेत्र की सीपी गौतम, वृंदावन कॉलोनी, उत्थान, तुलसी पार्क और नारायण विहार कॉलोनी में शाम चार बजे से बिजली गुल हुई, जो करीब सात बजे बहाल हो सकी। हालांकि बिजली आने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। बिजली विभाग के अनुसार आंधी-तूफान के चलते कई जगह फाल्ट, तार टूटने, पेड़ गिरने, जंपर खराब होने और खंभे क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हुई। केंद्रांचल उपकेंद्र और नंदगांव 11 हजार लाइन क्षेत्र में भी बिजली के खंभे गिरने और केबल टूटने से देर रात तक आपूर्ति प्रभावित रही। विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में जुटी रहीं।
