Prayagraj News: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी नगरी क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11,508 सहायक अध्यापक भर्ती का मामला फिर हाईकोर्ट पहुंच गया है। एक अभ्यर्थी विश्वजीत यादव (विशु यादव) ने हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में याचिका दायर कर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली 1981 का पूर्ण रूप से पालन न किए जाने का मुद्दा उठाया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि नियमावली में एकेडमिक मेरिट के आधार पर शिक्षक भर्ती होनी चाहिए लेकिन चयन आयोग ने जो विज्ञापन जारी किया है उसमें केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन की कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही टीईटी-2026 के संशोधित परिणाम से प्रभावित अभ्यर्थियों को भी भर्ती में शामिल होने का अवसर देने की मांग की गई है। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 17 नवंबर को टीईटी-2026 के विवादित प्रश्नों 36 और 37 पर अतिरिक्त अंक देने तथा 17 दिसंबर तक संशोधित परिणाम जारी करने का आदेश दिया है। याचिका में कहा गया है कि संशोधित परिणाम आने के बाद सफल होने वाले अभ्यर्थियों को भी 11,508 शिक्षक भर्ती में आवेदन करने और लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए। मामले का निस्तारण होने तक तीन और चार दिसंबर को प्रस्तावित लिखित परीक्षा तथा भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाने की भी मांग की है।
