रायबरेली। सहालग और त्योहारों में मांग बढ़ने के साथ जिले में मिलावटी पनीर का कारोबार भी तेज हो गया है। जिले में जरूरत के मुकाबले आधा दूध भी उपलब्ध नहीं है, लेकिन पनीर का उत्पादन और खपत कई गुना अधिक है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की कार्रवाई में एक माह के भीतर 825 किलो पनीर, खोवा और छेना नष्ट कराया जा चुका है। अघौरा में सिंथेटिक पनीर बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई, जबकि अमेठी से भी घटिया पनीर लाकर खपाने का मामला सामने आया है। कई फैक्टरियों पर कार्रवाई के बावजूद मिलावट का खेल थम नहीं रहा है।

जिले में प्रतिदिन करीब 1.50 लाख लीटर दूध का उत्पादन होता है। इसमें से 70 हजार लीटर दूध दुग्ध उत्पाद बेचने वाली कंपनियां खरीद लेती हैं। इन कंपनियों का करीब 10 हजार लीटर दूध ही जिले में बिकता है। वहीं, रोजाना आठ से 10 क्विंटल पनीर की खपत हो रही है। ऐसे में मांग के मुकाबले दूध की उपलब्धता और पनीर की खपत के अंतर पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दूध में विटामिन, कैल्शियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। शुद्ध दूध से बने उत्पाद स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, जबकि मिलावटी खाद्य पदार्थ सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। जिले में अमेठी, कानपुर और फतेहपुर से भी घटिया पनीर लाए जाने के मामले सामने आए हैं।

तीन दिन में 450 किलो घटिया पनीर पकड़ी

24 नवंबर 2026 को एफएसडीए की टीम ने अघौरा में सिंथेटिक पनीर बनाने की फैक्टरी पकड़ी। मौके से 300 किलो पनीर और 1300 लीटर केमिकलयुक्त दूध नष्ट कराया गया। मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। 26 नवंबर को बछरावां में अमेठी से लाई जा रही 150 किलो पनीर बरामद कर नष्ट कराई गई।

खराब छेना और खोवा भी कराया नष्ट

28 अक्तूबर 2026 को एफएसडीए की टीम ने लक्ष्मीगंज में 100 किलो खराब खोवा बरामद किया। चार नवंबर को हरचंदपुर में एक क्विंटल खराब छेना नष्ट कराया गया। अघौरा में 30 अक्तूबर को 150 किलो खोवा और 25 किलो पनीर नष्ट कराया गया। जांच में इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली।

अमावां में 13 और सलोन में 2.80 क्विंटल पनीर पकड़ी

23 नवंबर 2025 को अमावां के दाउद नगर संदीनागिन स्थित मेसर्स आरबी डेयरी एंड फूड्स से 13 क्विंटल पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया था। मौके से 163 लीटर तेल भी जब्त किया गया था। एक दिसंबर 2025 को सलोन के घोसी का पुरवा में पनीर बनाने की फैक्टरी पर छापा मारकर 280 किलो घटिया पनीर नष्ट कराई गई थी।

ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान

खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय त्रिपाठी के मुताबिक, असली पनीर सफेद या हल्के क्रीम रंग का होता है। उसमें ताजे दूध जैसी हल्की खुशबू आती है। यह नरम, हल्का दानेदार और स्वाद में मलाईदार होता है। इसके विपरीत नकली पनीर रबड़ जैसा खिंच सकता है। यह बहुत सख्त या चिपचिपा भी हो सकता है।

उन्होंने बताया कि पनीर के टुकड़े को उबालकर ठंडा करने के बाद उस पर आयोडीन टिंचर की कुछ बूंदें डालने से रंग नीला होने पर स्टार्च की मिलावट का संकेत मिलता है। हालांकि, केवल घरेलू परीक्षण के आधार पर पनीर को मिलावटी घोषित नहीं किया जा सकता। इसकी पुष्टि प्रयोगशाला में जांच से ही होती है।

सूचना मिलने पर होगी कार्रवाई

सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एक माह में 825 किलो से अधिक पनीर, खोवा और छेना नष्ट कराया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सक्रिय रखा गया है। जहां भी घटिया पनीर या खोवा की सूचना मिलेगी, वहां कार्रवाई की जाएगी।



Source link