रायबरेली। ऊंचाहार में सड़क दुर्घटना में 14 वर्षीय छात्रा श्रेया गुप्ता और उनके नाना की दुखद मृत्यु के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह घटना दीपावली से एक दिन पहले हुई थी, जब श्रेया अपने नाना के साथ बाइक से मुंशीगंज स्थित अपने घर जा रही थी। ऊंचाहार में ही तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद, सपा के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार की पीड़ा को साझा किया और इस कठिन समय में उन्हें आर्थिक और मानवीय सहयोग प्रदान किया। परिवार की गंभीर स्थिति और उनकी व्यथा को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाया गया। अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस अवसर पर सपा के जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव, बछरावां के विधायक श्याम सुंदर भारती, हरचंदपुर के विधायक राहुल लोधी, सरेनी के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
