भोट। अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली रविवार दोपहर खौद-थूनापुर मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। थूनापुर चौराहे से करीब 100 मीटर आगे सामने चल रही बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रैक्टर मोड़ा तो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया और ट्राली में सवार 25 ग्रामीण उसके नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, पेमपुर गांव निवासी रोहन रविवार को अपनी ट्रैक्टर-ट्राली में ग्रामीणों को बैठाकर स्वार कोतवाली क्षेत्र के धनेली गांव जा रहा था। सभी लोग एक रिश्तेदार की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे।
दोपहर करीब एक बजे ट्रैक्टर-ट्राली खौद-थूनापुर मार्ग पर थूनापुर चौराहे से लगभग 100 मीटर आगे पहुंची थी। इसी दौरान सामने चल रही बाइक अचानक मुड़ गई। बाइक को बचाने के लिए चालक ने ट्रैक्टर दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गई।
हादसे के बाद ट्राली में सवार ग्रामीण उसके नीचे दब गए। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों और राहगीरों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ट्राली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने बताया कि हादसे में कुल 25 ग्रामीण घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
घायलों में अशोकपुर निवासी पृथ्वी सिंह और पेमपुर निवासी ट्रैक्टर चालक रोहन के अलावा रोशन लाल, विरमा देवी, अनीता, राधा, महावती, रामदास, सुनीता, जागीर सिंह, अंजलि, नन्ही, आशा देवी, रीना, सर्वेश, सुनीता, विशेष, उर्मिला, केलावती, प्रीतम, हरप्यारी, भागवती, कृष्णा, पुष्पा और रामवती शामिल हैं।
