रामपुर। शहर के व्यस्त इलाके में सरेशाम कलेक्शन एजेंट से हुई 2.15 लाख रुपये की लूट के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सोमवार शाम करीब पांच बजे मालगोदाम तिराहे के पास बिजली विभाग के कार्यालय के नजदीक बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पटवाई थाना क्षेत्र के ठाकुरद्वारा गांव निवासी अनुज तोमर बिजली विभाग के कलेक्शन सेंटर पर बिल जमा करने का काम करते हैं।

सोमवार शाम वह कलेक्शन सेंटर से बिजली बिल के 2.15 लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान मालगोदाम के पास बने अंडरपास के नजदीक दो बदमाशों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनने के साथ ही उनका मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपी रेलवे लाइन की ओर से आए थे और सड़क पर ही उन्हें घेर लिया था। वारदात के बाद उन्होंने पहले विभागीय अधिकारियों और फिर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। मामले के खुलासे के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं। हालांकि, घटना के एक दिन बाद भी पुलिस बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है।

सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि अनुज की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

अभी अभी की खबरें