कुठौद। उपखंड क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए उन्हें बिजली कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपखंड कार्यालय की ओर से क्यूआर कोड और एक विशेष लिंक जारी किया गया है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ही आसानी से अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे।
इस व्यवस्था का लाभ उपखंड से जुड़े 119 गांवों के करीब 23 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा। इनमें बड़ी संख्या ऐसे ग्रामीण उपभोक्ताओं की है, जिन्हें अब तक छोटी-सी प्रक्रिया के लिए भी 15 से 25 किलोमीटर दूर स्थित बिजली कार्यालय तक जाना पड़ता था।
अब तक कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल और बकाया संबंधी सूचनाएं समय पर नहीं मिल पाती थीं, क्योंकि उनके मोबाइल नंबर विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं थे या अपडेट नहीं थे। इस समस्या को देखते हुए बिजली विभाग ने यह डिजिटल पहल शुरू की है।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन कर या लिंक खोलकर अपनी उपभोक्ता संख्या, बिल में दर्ज नाम और नया मोबाइल नंबर भरकर सबमिट कर सकते हैं। जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारी विवरण का मिलान कर मोबाइल नंबर अपडेट कर देंगे।
एसडीओ निखिल जिंदल ने बताया कि इस सुविधा से उपभोक्ताओं का समय और खर्च दोनों बचेगा। साथ ही पारदर्शिता बढ़ेगी और बिजली से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां समय-समय पर सीधे मोबाइल पर मिलती रहेंगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
शिकायत भी करा सकेंगे दर्ज
अब उपभोक्ता घर बैठे ही बिजली निगम से संबंधित शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे। क्यूआर कोड या लिंक के माध्यम से दर्ज की गई शिकायत सीधे कार्यालय तक पहुंचेगी। जिसका निस्तारण विभाग द्वारा समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
